LATEST NEWS

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान में एक बार फिर धमाके की आवाज सुनाई दी है। जानकारी के अनुसार लाहौर एयरपोर्ट पर एक के बाद एक तीन धमाके हुए। धमाकों के बाद पूरे शहर में धुएं का गुबार उठ गया। धमाकों के बाद सायरन बजने लगे इसके बाद सहमे लोग घरों से बाहर आ गए। यह धमाके लाहौर के वाल्टन एयरपोर्ट के पास गोपाल नगर और नसीराबाद इलाके में सुने गए। इससे पहले एयरपोर्ट अथॉरिटी ने आज सुबह ही लाहौर और इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर ऑपरेशन बंद कर दिया था। सूत्रों की मानें तो ये हमला ड्रोन से किया गया है। धमाका पुराने एयरपोर्ट के पास नेवी कॉम्प्लेक्स के ऊपर हुआ है।

भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। इसलिए पाकिस्तान की तरफ से सीमा पर तनाव बढ़ाया जा रहा है। इसी के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में 7 मई से स्कूल बंद हैं, जो 8 मई को भी बंद रहेंगे। इसके अलावा 8-10 मई को होने वाली विश्वविद्यालय परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा पंजाब सरकार ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। साथ ही अमृतसर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल फिर से शुरू हो गया है।

पाकिस्तान और पाकिस्तान ऑक्यूपाइड जम्मू-कश्मीर (PoJK) में भारतीय सेना द्वारा आतंकवादी संगठनों के 9 ठिकानों पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत हमला किया गया। पूरे देश में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर चर्चा की जा रही है। आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना की कामयाबी पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का रिएक्शन सामने आया है। भारतीय सेना की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी बहादुर सेना पर गर्व है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा देश एकजुट है।

पंजाब के जालंधर में मंगलवार को सेना द्वारा कैंट एरिया में स्थित बाजार में मॉक ड्रिल किया गया। जिसमें फायर ब्रिगेड की टीमों सहित अन्य डिफेंस की टीमें मौजूद रहीं। रात करीब सवा 8 बजे पूरे कैंटोनमेंट एरिया को ब्लैकआउट कर दिया गया और एरिया में सायरन बजने शुरू हो गए। पूरा एरिया करीब एक घंटे के लिए ब्लैकआउट रहा और रात करीब 9 बजे दोबारा बिजली चालू कर दी गई। इसे लेकर रात करीब पौने 8 बजे जालंधर के डीसी हिमांशु अग्रवाल द्वारा जानकारी साझा की गई थी। हालांकि कल यानी बुधवार को होने वाले मॉक ड्रिल से पहले ये उसके अभ्यास के तौर पर देखा जा रहा है।